परतावल। नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 11 स्वतंत्रता सेनानी नगर का मुख्य मार्ग जर्जर हो गया है। जगह-जगह गड्ढों और कीचड़ से सीएचसी परतावल जाने वाले मरीजों व कंपोजिट विद्यालय में पढ़ने वाले स्कूली बच्चो को आवागमन में हर रोज कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे नाराज नगरवासियों ने शनिवार को पानी भरे सड़क पर खड़े होकर विरोध जताया।
नगरवासियों का कहना है कि यह मार्ग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कंपोजिट विद्यालय, बीआरसी कार्यालय, कस्तूरबा विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र आने जाने का मुख्य मार्ग है। बरसात होने की वजह से सड़क तालाब का रूप ले लिया है। जिससे लोगों का आवागमन बाधित हो गया है। पानी व कीचड़ के वजह से स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
राजन वर्मा ने बताया कि सीएचसी तक जाने का यही मुख्य मार्ग है लेकिन नगर पंचायत की लापरवाही से यह कीचड़ में तब्दील हो गया है। सूरज शर्मा ने कहा कि बच्चे आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं तारा देवी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों को ज्यादा खतरा उठाना पड़ रहा है। इस दौरान महबूब अली, हकीम राईन, बबलू, तैयब, राजकुमार, शाकिर, सिब्बू, जादेव, सुहेल और बिट्टू मौजूद रहे।