महराजगंज। सेवानिवृत्त शिक्षकों के भुगतान समेत 16 सूत्री मांगों को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ के लोगों ने मंगलवार को बीएसए से मुलाकात की। मांग पत्र देकर जिले के शिक्षकों की लंबित समस्याओं का निराकरण करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष हाजी मोहम्मद यासीन ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय में रिक्त पदों पर शिक्षकों की पदोन्नति नहीं होने पर नाराजगी जताई और योग्य शिक्षकों की सूची एक सप्ताह में निर्गत करने की मांग की। कहा कि नौ महीने पहले सेवानिवृत्त 24 शिक्षकों का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। इससे वे लोग परेशान हैं।
शिक्षकों का वेतन प्रत्येक महीने की पहली तारीख को भुगतान, नवनियुक्त शिक्षकों का सत्यापन पूर्ण कराने और एरियर का भुगतान कराने की मांग की। आयकर की सीमा में न आने वाले शिक्षकों की अग्रिम आयकर कटौती पर एतराज किया। विद्यालय की रंगाई पुताई व फल वितरण की धनराशि खाते में शीघ्र भेजने की मांग की।
स्कूल में नामांकित छात्र छात्राओं को अतिशीघ्र जूते-मोजे उपलब्ध कराने पर जोर दिया। शासनादेश के अनुरूप नगर से 8 किलोमीटर के परिधि में कार्यरत शिक्षकों का नगरीय मकान किराया भत्ता भुगतान किया जाता है जबकि एरियर का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
इस मौके पर जिलामंत्री केशव मणि त्रिपाठी, सत्येंद्र कुमार मिश्रा, अभय दुबे, बैजनाथ सिंह, वीरेंद्र सिंह, हरीश शाही, आनंदपाल गौतम, राघवेंद्र पांडेय, मनौवर अली, धनप्रकाश त्रिपाठी, हरिश्चंद चौधरी, अलाउद्दीन, अरविंद गुप्त, राजू सिंह, लालविहारी, दिनेश सिंह आदि मौजूद रहे।