महराजगंज। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में कार्यरत सींचपाल, सींच पर्यवेक्षक और नलकूप चालकों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सिंचाई संघ उत्तर प्रदेश ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर डीएम को 12 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। संघ ने लंबित मांगों के निस्तारण के लिए शासन और विभागीय अधिकारियों से हस्तक्षेप करने की मांग की।
संघ के जिलाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने कहा कि सींचपाल और नलकूप चालकों की सेवा नियमावली वर्ष 1953 तथा सींच पर्यवेक्षकों की सेवा नियमावली वर्ष 1954 में बनाई गई थी। करीब 70 वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी इनमें आवश्यक संशोधन नहीं हुआ है। इससे कर्मचारियों को पदोन्नति और अन्य लाभ मिलने में दिक्कत हो रही है।
महामंत्री शिवशंकर राय ने नलकूप चालकों और सींचपाल के रिक्त पदों को भरने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 46 हजार से अधिक राजकीय नलकूप स्थापित हैं, जबकि इनके संचालन के लिए करीब छह हजार नलकूप चालक ही कार्यरत हैं। ऐसे में एक कर्मचारी को कई नलकूपों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ रही है। संघ ने रिक्त पदों पर भर्ती के साथ नए पद सृजित करने की मांग की।
ज्ञापन देने के दौरान रामकिशोर, रत्नाकर चौबे, रामबचन, दिलीप कुमार राय, योगेंद्र, अर्जुन, प्रेमनारायण, रामकृष्ण, रामनयन और सुदामा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
6361 पदों के सापेक्ष 1600 सींचपाल कार्यरत : संघ के अनुसार, सींचपाल के स्वीकृत 6361 पदों के सापेक्ष करीब 1600 कर्मचारी ही कार्यरत हैं। पदों की कमी से कर्मचारियों पर काम का अतिरिक्त दबाव है। संघ ने रिक्त पदों को भरने, वेतन विसंगति दूर करने और ग्रेड वेतन में समानता लाने की मांग की। पदाधिकारियों का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर शासन और विभागीय स्तर पर कई बार वार्ता हो चुकी है, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है।