सिसवा बाजार। थाना क्षेत्र के भारत खंड पकड़ी गांव निवासी एक महिला ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पीड़िता सानिया खातून ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 29 जुलाई 2024 को मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार भारत खंड पकड़ी निवासी समीर के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता तहसीलदार ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों का व्यवहार बदल गया। वे अतिरिक्त दहेज के रूप में 50 हजार रुपये नकद और मोटरसाइकिल की मांग करने लगे।
मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता के अनुसार, कई बार दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई, लेकिन ससुराल वालों के व्यवहार में सुधार नहीं आया।