महराजगंज। एआईएमआईएम के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पुलिस अधीक्षक को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
एसपी को सौंपे ज्ञापन में एआईएमआईएम जिलाध्यक्ष सरवर खान ने बताया गया कि कोठीभार थाना क्षेत्र के एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर मुस्लिम समुदाय एवं इस्लाम धर्म के संबंध में धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणी किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। टिप्पणी से मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से इस तरह की सामग्री के प्रसार से लोगों में आक्रोश एवं असंतोष उत्पन्न होने की आशंका है। ज्ञापन के जरिए इस मामले की जांच करते हुए कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन देने के दौरान शफी मुहम्मद, सलीमुल्लाह खां, अलीशेर अहमद, साहब सिद्दीकी, वसी अहमद, मुबारक अली, महिउद्दीम, एकबाल अहमद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।