महराजगंज। सदर तहसील के ग्राम सभा बैजनाथपुर कला में स्थापित महात्मा बुद्ध की प्रतिमा तोड़ने वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि महात्मा बुद्ध की प्रतिमा कई साल से यहां स्थापित है। जहां पर लोग नियमित पूजा-अर्चना करते हैं और सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। बुद्ध अहिंसा, करुणा और शांति के प्रतीक हैं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा को तोड़कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाया है।
प्रदर्शन के दौरान भीम ज्योति बुद्ध विहार समिति और ग्रामवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित कराई जाए। इस दौरान अध्यक्ष कर्मवीर भारती, उपाध्यक्ष आशीष कुमार, हरेंद्र कुमार, धर्मवीर आर्य, विंद्रावती, चंदन, अंजनी, सावित्री भारती, रमेश, प्रतिमा, सुभावती मौजूद रहीं। संवाद