महराजगंज। दिवाली का त्योहार नजदीक है लेकिन जिले में पटाखों की बिक्री के लिए लाइसेंस जारी होने में देरी से व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लाइसेंस के लिए व्यापारी प्रशासनिक कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। त्योहार में महज तीन दिन शेष रहने से दुकान लगाने और कारोबार शुरू करने को लेकर असमंजस की स्थिति है। दूसरी ओर, जिले में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण के मामले भी सामने आने लगे हैं।
इन स्थानों पर लगेंगी 153 अस्थायी दुकानें
दीपावली पर पटाखों की बिक्री के लिए जिले में आठ स्थानों पर अस्थायी बाजार लगाने की तैयारी है। इसके तहत कुल 153 दुकानों की व्यवस्था प्रस्तावित है। महराजगंज शहर में पीजी कॉलेज मैदान में 35, घुघली के डीएवी नारंग इंटर कॉलेज में 26, नौतनवां इंटर कॉलेज में 18 और फरेंदा की सब्जी मंडी परिसर में 38 दुकानें लगेंगी। इसी तरह सिसवा में रामजानकी मंदिर परिसर में 10, निचलौल में दामोदरी पोखरी के पास 14, शिकारपुर में नहर पटरी पर सात और सिंदुरिया में नहर पटरी पर पांच दुकानें निर्धारित की गई हैं।
सुरक्षा के इंतजाम जरूरी
प्रशासन की ओर से पटाखा बाजारों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन विभाग ने दुकानदारों को पानी, अग्निशमन यंत्र और बालू की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा है। साथ ही दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आग लगने की स्थिति में उसकी चपेट में आसपास की दुकानें न आएं। पटाखों की बिक्री आबादी से दूर निर्धारित स्थानों पर ही कराई जाएगी। एफएसओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि सभी पटाखा दुकानदारों को सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। दुकानों पर पानी, अग्निशमन यंत्र और बालू उपलब्ध रखना अनिवार्य होगा। दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी रखने को भी कहा गया है, जिससे आपात स्थिति में बचाव कार्य आसानी से किया जा सके।
दिवाली पर पटाखों की बिक्री के लिए शासन से मिले दिशा-निर्देशों के अनुसार लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले कारोबारियों को ही अनुमति दी जाएगी। दुकानों का संचालन आबादी से दूर चिह्नित स्थानों पर कराया जाएगा। अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ छापे की कार्रवाई जारी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गौरव सिंह सोगरवाल,डीएम महराजगंज