हिरन के शव को ले जाते वन दरोगा।
बरवा सोनिया गांव का मामला
महराजगंज। बरवासोनिया गांव में सोमवार की सुबह जंगल से भटककर गांव में पहुंचे तीन हिरनों में से एक की तालाब में गिरकर मौत हो गई। जबकि दो अन्य को वन विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर लिया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और विभाग की लापरवाही को लेकर नाराजगी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात के अंधेरे में गांव में पहुंचे हिरनों को सुबह होते ही आवारा कुत्तों के झुंड ने घेर लिया। जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हिरनों में से एक गांव के तालाब में जा गिरा। बाहर निकलने के लिए वह काफी देर तक छटपटाता रहा, कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मृत हिरन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बाकी दो हिरनों को रेस्क्यू कर लिया। हालांकि, इस पूरी कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में गहरा असंतोष है। वनदरोगा नित्यानंद मौर्या ने बताया कि दो हिरन को रेस्क्यू कर जंगल में छोड़वा दिया गया है। मरे हिरन को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।