संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, दोस्तों पर हत्या आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
ठूठीबारी। कोतवाली क्षेत्र के डिगही गांव में बुधवार की दोपहर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक की पत्नी ने दो युवकों के विरुद्ध हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
तहरीर में डिगही निवासी पत्नी सबिरुन निशा ने कहा है कि पति अबैतुललाह (35) गांव के दो युवकों के साथ नेपाल राष्ट्र के बरघाट गए थे। जहां पर दोनों युवकों द्वारा पति को पहले शराब पिलाई गई। उसके बाद पैसे का लेनदेन का आरोप लगाकर उनकी बेरहमी से पिटाई की। उसके बाद किसी तरह वह देर रात करीब नौ बजे घर आकर आप बीती बताई। तबियत अचानक बिगड़ने पर गांव के निकट एक अस्पताल से दवा लाकर दी गई। सुधार न होने पर बुधवार की सुबह उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने मृतक घोषित कर दिया। इस संबंध में कोतवाल छोटेलाल ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की जानकारी हो सकेगी।