परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा धरमौली में सोमवार को मुकेश का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र की ग्राम सभा धरमौली निवासी रजवंत यादव के तीन बेटे हैं। बड़े बेटे उमेश और सुरेश की शादी हो चुकी है। छोटे बेटे मुकेश (25) की शादी नहीं हुई थी। तीनों भाई अलग-अलग रहते हैं। रविवार की रात मुकेश अपने कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर सो गया। बगल के कमरों में उसके दोनों भाई का परिवार था।
सोमवार की सुबह जब काफी देर तक मुकेश कमरे से बाहर नहीं निकला तो उसके भाइयों ने दरवाजे के ऊपर लगे झरोखे के रास्ते देखा तो मुकेश का शव छत की कुंडी से लटका हुआ था। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोला और शव को नीचे उतरवाया। इस दौरान कमरे में चिकन व शराब की बोतल बरामद हुई।
मुकेश पेंटिंग का काम करता था। एक माह पहले ही वह परदेश से घर लौटा था। रविवार को ही माता-पिता कहीं रिश्तेदारी में गए थे। ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में उसके पिता ने कर्ज चुकाने के लिए जमीन बेची थी। पैसों के बंटवारे को लेकर तीनों भाईयों व माता-पिता विवाद हुआ था। संवाद