महराजगंज। जिले की छह आकांक्षात्मक विकास खंडों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सीएमओ डॉ श्रीकांत शुक्ला ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने पनियरा, सदर, मिठौरा, रतनपुर, निचलौल और परतावल ब्लॉकों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों व अधीक्षकों को उनके क्षेत्र के उपकेंद्रों के स्व-आंकलन की रिपोर्ट का सत्यापन कराने को कहा गया है। आकांक्षात्मक विकास खंड कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित इन छह ब्लॉकों में कार्यरत एएनएम की ओर से गूगल फॉर्म के माध्यम से अपने-अपने उपकेंद्रों का स्व-आंकलन किया गया था।यह रिपोर्ट राज्य स्तर पर समीक्षा के लिए भेजी गई थी, जहां पर जांच के दौरान यह पाया गया कि कुछ एएनएम की ओर से प्रस्तुत रिपोर्टो में गलत जानकारी दी गई है। इस स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित अधीक्षकों व चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे रिपोर्ट की छाया प्रति लेकर पुनः एएनएम से सत्यापन कराएं। यदि किसी उपकेंद्र की रिपोर्ट में त्रुटि पाई जाती है तो संबंधित एएनएम से हार्डकॉपी में उसे संशोधित कर पुनः सही रिपोर्ट गूगल फॉर्म के माध्यम से भरवाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाए। संवाद