बाड़मेर जिले के सिवाना मवड़ी गांव में एक मकान से मां और बेटे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मकान से उठ रही दुर्गंध के बाद घटना का खुलासा हुआ। लोगों ने मकान से दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जांच की तब घर से एक बुजुर्ग महिला और उसके बेटे का शव बरामद हुआ। शव बुरी तरह से सड़ने के कारण उनसे भयंकर दुर्गंध उठ रही थी। शव पांच से छह दिन पुराने हो चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की शिनाख्त रूपकंवर पत्नी भंवर सिंह 75 वार्षीय और उसका 45 साल बेटा जगदेवसिंह के रूप में हुई है। सिवाना इलाके के मवड़ी गांव में रूपकंवर और उसका बेटा जगदेव सिंह ही रहते थे। इनके दर्जन भर गाय व भैंस थी और पशुपालन से जुड़ा काम करते थे। जानकारी मिलने पर बालोतरा डीएसपी नीरज शर्मा व सिवाना थानाधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतकों की शिनाख्त करवाकर पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव रिशेदारों को सौंप दिए गए हैं। डीएसपी नीरज शर्मा के अनुसार सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव तकरीबन 5 से 6 दिन पुराने बताए गए हैं। पड़ताल के बाद ही इस बारे में स्पष्ट कहा जा सकेगा। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है और सबूत जुटाए गए है।
पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों का सौंपा गया
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों मां और बेटे बीते पांच-छह दिन से न तो खेतों में आए और नहीं अड़ोस-पड़ोस में दिखे। लोगों को शक हुआ तो उनके घर हालचाल जानने पहुंचे। वहां घर से दुर्गंध आ रही थी। इस ग्रामीणों ने किसी अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो अंदर से दोनों के शव बरामद हुए। पुलिस ने दोनों के शवों को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों का सौंप दिया है।