सिसवां में डायरिया का प्रकोप फैला, 15 से अधिक लोग बीमार
सिसवां बाजार (महराजगंज)। कस्बे के कई मोहल्लों में डायरिया का प्रकोप फैल गया है। अब तक 15 से ज्यादा लोग जिला अस्पताल व प्राइवेट अस्पताल में इलाज करा रहे हैं।
इस मामले में स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका प्रशासन की ओर से सतर्कता बढ़ा दी गई है। सिसवां नगर में तीन-चार दिन के अंदर मिसकारी टोला, नौका टोला, गोपालनगर मोहल्लों में डायरिया का प्रकोप फैला हुआ है जिसमें नौका टोला की निवासी संतरा देवी (55), परी यादव (10), सत्यनारायण (65), मिसकारी टोला निवासी समीरा (11), साहिल (17), गजरू टोला के शजीदा ख़ातून, अमरपुरवा की सुमन (22), विशाल, सुभाष मद्धेशिया (50), आलोक शर्मा (44), पूनम केसरी (35), लोहेपार से चांदनी (14) सहित अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद स्थानीय अस्पताल में पहुंचे वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रभावित स्थानों पर मेडिकल टीम भेजी गई
सिसवां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुशवाहा ने बताया कि डायरिया के मरीज आ रहे हैं जिनका प्राथमिक उपचार के उपरांत जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रभावित स्थानों पर मेडिकल टीम भेज कर कारण का पता लगाया जा रहा है और दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। उधर, नगर पालिका परिषद के प्रशासक मोहम्मद जसीम ने बताया कि प्रभावित मोहल्लों में दवा का छिड़काव शुरू दिया गया है। साथ ही पानी सप्लाई पाइप को चेक कर लीकेज सही कराया जाएगा।