निचलौल। थाना क्षेत्र के गांव खरचौली में सास को घर में अकेला देख बहू ने ईंट और डंडों से पिटाई कर दी। इसके बाद बहु लहूलुहान सास को जमीन पर तड़पते छोड़ घर में रखे जेवर और कुछ सामान लेकर फरार हो गई। इस पूरे प्रकरण में पुलिस ने मंगलवार को पीड़ित सास की तहरीर के आधार कर आरोपी बहू के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली। खरचौली निवासी विमला देवी ने बताया है कि बहू गुड़िय कुछ माह से मायके में रह रही थी। बीते 12 जनवरी 2026 पति व लड़का जरूरी कार्य से बाहर गए थे। इस दौरान वह घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी बीच बहू गुड़िया आ गई और अपशब्दों का प्रयोग करने लगी।
विरोध करने पर बहू आक्रोशित हो गई और जबरन घर में घुसकर ईंट और डंडों से पिटाई कर दी। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और जमीन पर गिर दर्द से कराहने लगी। इसी बीच बहू घर में रखे जेवर और कुछ कीमती सामान लेकर जानमाल की धमकी देते हुए भाग निकली।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार मामले में पीड़िता सास विमला देवी की तहरीर पर आरोपी बहू गुड़िया निवासी बाली के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।