महराजगंज/फरेंदा। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण वृहद जन जागरूकता अभियान के तहत नवीन कृषि मंडी समिति फरेंदा और महराजगंज के एक मैरेज हाल में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जिले को ओडीएफ बनाने के लिए डीएम अमरनाथ उपाध्याय ने ग्राम प्रधानों, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं सहित अन्य लोगों को स्वच्छता के लिए शपथ दिलाई।
जिले को ओडीएफ घोषित कराने के मद्देनजर चलाए जा रहे साप्ताहिक अभियान के तहत दोनों स्थानों पर शुक्रवार को आयोजित कार्यशाला में डीएम अमरनाथ उपाध्याय ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार गांवों को खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए लोगों को जागरूक करना जरूरी है। इसकी जिम्मेदारी गांव के प्रधान, सचिव व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व आशा बहुओं के साथ सफाईकर्मियों की है। सभी गांवों में जाकर गंदगी से होने वाली बीमारी के बारे में लोगों को जागरूक करें। डीएम ने कहा कि गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ प्रधान व सचिव जुर्माना भी लगा सकते हैं। यह अभियान 25 जुलाई से 31 जुलाई तक चलाया जा रहा है। सीडीओ रामसिंहासन प्रेम ने कहा कि गांवों को स्वच्छ बनाने के लिए घर-घर शौचालय के महत्व के बारे में लोगों को समझाएं। सीएमओ डॉ. क्षम ाशंकर पांडेय ने कहा खुले में शौच से अनेक बीमारियां फैलती हैं। संचालन डीआईओएस अशोक कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम को एसडीएम आरबी सिंह, डीएफओ मनीष सिंह, उपायुक्त मनरेगा उपेंद्र पाल, पीडी मनरेगा रामकरन पाल, बीएसए जगदीश शुक्ला, अधीक्षक डॉ हीरालाल, बीईओ हेमवंत कुमार, ग्राम प्रधान सूर्यमन यादव, परमात्मा शर्मा, दिनेश यादव, सरोज सहानी, जितेंद्र यादव, बबलू गुप्ता, राजेश मौर्या, विनोद चौधरी, रविद्र सिंह आदि मौजूद रहे।