24 केंद्रों पर होगी शिक्षा सेवा परीक्षा
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। लोक सेेवा आयोग के अधीनस्थ शिक्षा सेवा चयन (प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी पुरुष व महिला संवर्ग) परीक्षा 29 जुलाई को 24 परीक्षा केंद्रों पर होगी। शांतिपूर्ण माहौल में नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों तथा केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक की गई। परीक्षा में कुल 10789 प्रतिभागी शामिल होंगे।
डीएम अमरनाथ उपाध्याय ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को आगाह किया कि परीक्षा में कहीं कोई गड़बड़ी मिली तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।। ऐसे में सभी जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। सभी 24 केंद्रों पर परीक्षा संपन्न कराने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। डीएम ने बताया कि नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए कुल पांच सचल दल बनाए गए हैं। जो विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर औचक निरीक्षक करेंगे। निरीक्षक के दौरान अगर किसी भी केंद्र में गड़बड़ी प्रकाश में आई तो न केवल केंद्र व्यवस्थापक बल्कि सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी कार्रवाई की जद में आएंगे बैठक में डीएम के अलावा अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतिभान वर्मा, लोक सेवा आयोग के प्रतिनिधि के रूप में राकेशधर द्विवेदी, गंगेश्वर गिरी तथा अजय प्रसाद के अलावा सभी मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक आदि मौजूद रहे। डीआईओएस अशोक कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा 11:30 बजे से डेढ़ बजे तक होगी।