महराजगंज। करवा चौथ को लेकर बाजार में तैयारियां तेज होने लगी हैं। पर्व पर पत्नी को खास महसूस कराने के लिए पति अपनी पसंद और बजट के अनुसार उपहार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं। साड़ी, ड्रेस, आभूषण और कॉस्मेटिक सामान उपहार के पसंदीदा विकल्प बने हुए हैं।
उपहार को आकर्षक बनाने के लिए दुकानों पर साड़ी और चुनरी की गिफ्ट पैकिंग भी कराई जा रही है। करवा चौथ नजदीक आने के साथ बाजार में चहल-पहल और खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। बस स्टेशन के पास कपड़ा व्यापारी अभिषेक जायसवाल ने बताया कि करवा चौथ पर पत्नी को उपहार देने के लिए लोग साड़ियों की खरीदारी कर रहे हैं। एक हजार से लेकर पांच हजार रुपये तक की साड़ियों की मांग है। कई ग्राहक साड़ी के साथ चुनरी भी खरीद रहे हैं और उसे आकर्षक तरीके से पैक कराकर उपहार देने की तैयारी कर रहे हैं।
वहीं, हनुमानगढ़ी चौराहे पर स्थित ज्वेलरी कारोबारी विवेक वर्मा ने बताया कि करवा चौथ पर पत्नी को उपहार देने के लिए लोग अपनी क्षमता के अनुसार पायल और ब्रेसलेट खरीद रहे हैं। इनकी कीमत करीब सात हजार से लेकर 20 हजार रुपये तक है। ग्राहक आभूषणों को गिफ्ट पैक कराकर देने में भी रुचि दिखा रहे हैं।
दुर्गा मंदिर के पास कॉस्मेटिक कारोबारी मनोज ने बताया कि इस बार कॉस्मेटिक सामान की बिक्री अच्छी रहने की उम्मीद है। महिलाएं सजने-संवरने के लिए कॉस्मेटिक उत्पादों को पसंद करती हैं, ऐसे में पति भी इन्हें उपहार के विकल्प के रूप में चुन रहे हैं। उम्मीद है कि त्योहार करीब आने पर खरीदारी में और तेजी आएगी।