महराजगंज। जिला अस्पताल में चार दिनों से बंद पड़ी सीटी स्कैन मशीन बृहस्पतिवार को बन जाएगी। वहीं दो महीने से बंद डिजिटल एक्स-रे मशीन के बनने की कोई उम्मीद नहीं है। मंगलवार को 20 व बुधवार को 25 मरीजों ने सीटी स्कैन कराने के लिए पंजीयन कराया। मशीन ठीक होते ही इनका सीटी स्कैन किया जाएगा।
जिला अस्पताल में दो महीने से डिजिटल एक्स-रे व चार दिन से सीटी स्कैन मशीन खराब है। मशीनें खराब होने से मरीजों को बाहर से जांच कराना पड़ रहा है। बाहर जांच कराने पर मरीजों को अधिक रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। मरीजों को इलाज कराने में कोई समस्या न हो और जांच के लिए उन्हें भटकना न पड़े इसके लिए जिला अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन व सीटी स्कैन मशीन लगवाई गई। लेकिन लोगों को इसका लाभ ज्यादा दिन तक नहीं मिल सका।
बुधवार को इलाज कराने आए बागापार के सुनील ने बताया कि कुछ दिनों से ऑक्सीजन लेबल घट-बढ़ रहा है। डाॅक्टर ने सीटी स्कैन कराने के लिए कहा है। मंगलवार को आया था तो स्वास्थ्य कर्मी ने कहा कि कल आइएगा। आज भी आया तो मशीन खराब थी। चौक क्षेत्र के कुलदीप ने कहा कि एक माह पहले बाइक लेकर गिर गया था, तभी से कमर में दर्द है। निजी सेंटर पर एक्स-रे कराने पर रकम ज्यादा लग रहा था। सोचा कि जिला अस्पताल में आसानी से जांच हो जाएगा, यहां आने पर पता चला कि मशीन ही खराब है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. एपी भार्गव ने बताया कि सीटी स्कैन के खराब उपकरण आ गए हैं। जल्द ही इसे सही करा दिया जाएगा। डिजिटल एक्स-रे मशीन भी सही कराने का प्रयास किया जा रहा है।