मगरमच्छ के हमले में घायल गेडहवा निवासी अख्तर अली ।
मगरमच्छ ने पैर को जबड़े में दबोचा, घायल युवक अब खतरे से बाहर, इलाज जारी
निचलौल। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल वन रेंज अंतर्गत ग्राम गेड़हवा में बृहस्पतिवार की शाम नारायणी (बड़ी गंडक) नदी में मछली पकड़ रहे एक युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ ने युवक का पैर जबड़े में दबोच लिया। युवक की सूझबूझ और मौके पर मौजूद ग्रामीणों की तत्परता से उसे बचा लिया गया। घायल युवक का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बहुआर चौकी क्षेत्र के ग्रामसभा गेड़हवा निवासी अख्तर अली (35) पुत्र नसरुल्ला बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे नारायणी गंडक नदी के टेलफॉल कटहवा पुल के पास मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान नदी किनारे झाड़ियों में छिपे एक विशालकाय मगरमच्छ ने अचानक हमला कर उसका पैर दबोच लिया।
अख्तर अली के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े और काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ के चंगुल से उसे छुड़ाने में सफल रहे। युवक के पैर पर मगरमच्छ के दांतों के गहरे निशान दिख रहे हैं। परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है। घटना के बाद गेडहवा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। लोग नदी किनारे जाने से भी एहतियात बरत रहे हैं।
निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। बरसात के मौसम में मगरमच्छ सहित अन्य वन्यजीव नदी, नहर और तालाबों के आसपास अधिक सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में लोगों से जलाशयों के किनारे अनावश्यक जाने से बचना चाहिए। वन विभाग शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव के प्रति लगातार जागरूक कर रहा है।