अनियंत्रित मैजिक से युवक कुचला, मौत
- फोटो : अमर उजाला
फरेंदा (महराजगंज)। मिल गेट के सामने शनिवार को सुबह करीब साढ़े चार बजे गोरखपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार मैजिक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक युवक को रौंदते हुए पलट गई। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मैजिक का चालक फरार हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पनियरा थाना क्षेत्र के डोमरा गांव के टोला बभनी निवासी संजय भारती (32) चार माह पूर्व रोजगार के सिलसिले में मुंबई गए थे। वहां से घर आने के लिए ट्रेन से चलकर शनिवार को वह आनंदनगर स्टेशन पर उतर गए। स्टेशन परिसर से बाहर मिल गेट पर पहुंचे और सड़क किनारे टेंपो का इंतजार करने लगे। कुछ देर तक कोई वाहन न आते देख पास ही स्थित एक चाय की दुकान पर हाथ मुंह धुल रहे थे। इसी बीच गोरखपुर की तरफ से तेज रफ्तार आ रही मैजिक अनियंत्रित होकर चाय की दुकान में टक्कर मारने के साथ ही सड़क के किनारे हाथ धुल रहे संजय को रौंदते हुए पलट गई। इस हादसे में संजय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में चाय की दुकान के पास खड़े नगर पंचायत के एक कर्मचारी धर्मेंद्र विश्वकर्मा उर्फ मिन्नन को भी चोटें आईं। लोगों ने घटना की सूचना 100 नंबर व एंबुलेंस को देने के लिए काफी प्रयास किया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। लोगों ने सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मंे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, हादसे में मौत की सूचना जैसे ही युवक के गांव बभनी गांव सि्थत घर पहुंची परिवार में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो रो कर बुरा हाल है।