महराजगंज में तहसील परिसर में बुधवार की शाम नगर के गांधीनगर वार्ड के पार्षद झुल्लुर कुरैशी ने प्रशासन द्वारा उनके मकान का निर्माण कार्य रोकने और मकान को गिरवाने कीसाजिश का आरोप लगाकर शरीर पर पेट्रोल छिड़क कर आत्मदाह की कोशिश की। जिसे वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने रोक लिया।
जानकारी के मुताबिक पार्षद बुधवार की शाम चार बजे तहसील परिसर पहुंचे और एसडीएम विक्रम सिंह से बहादुर शाहनगर में स्थित अपनी जमीन पर निर्माण कार्य रोकने का कारण पूछने लगे। एसडीएम का कहना था कि जिस जमीन पर वह निर्माण कार्य हो रहा है। वह जमींदारी की भूमि है। जिस पर अवैध कब्जे की शिकायत मिली थी। जबकि पार्षद का कहना था कि उक्त जमीन हमारी है। उस जमीन पर सिविल न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। जिस पर कोर्ट ने यथा स्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया है। लेकिन प्रशासन स्थानीय सत्ता पक्ष के नेताओं के इशारे पर उसके मकान को गिराने की साजिश कर रही है।
इसी बीच कहासुनी के दौरान पार्षद ने अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़क लिया और आग लगाने की कोशिश की जिसे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। इसके बाद एसडीएम विक्रम सिंह ने मामले की दोबारा जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद पार्षद वहां से चले गए।