छठ घाट की वेदियां क्षतिग्रस्त, लोग नाराज
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। शहर के अमरूतियां मोहल्ले में बने छठ घाट को किसी ने शनिवार की रात में तोड़ दिया। इस मामले की जानकारी हुई तो लोग आक्रोशित हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को हुई तो मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। इस मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई। वहीं एसडीएम एवं सीओ सदर ने रात में ही अमरूतियां मोहल्ले में पहुंचकर लोगों को समझाया, तब जाकर लोग शांत हुए।
अमरूतियां मोहल्ले में छठ घाट को किसी ने शनिवार की रात में तोड़ दिया। लोगों को इसकी जानकारी हुई तो हंगामा करने लगे। लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो मौके पर अधिकारी पहुंचे। एसडीएम सदर सत्यम मिश्रा एवं सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बात कर समझाया बुझाया। अधिकारियों ने भरोसा दिया कि मामले की जांच कर जो दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद लोग शांत हुए। रविवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची। वहां तमाम लोग मौजूूद मिले। लोगों से बातचीत कर छठ घाट तोड़ने वालों के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया गया। नगर चौकी इंचार्ज के साथ कोतवाली पुलिस भी मौके पर रही। अमरूतियां मोहल्ले के सोनू मद्धेशिया, अमरनाथ, आकाश ने बताया कि छठ घाट को किसी शरारती तत्व ने तोड़कर अशांति फैलाने की कोशिश की है। लोगों के आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। शेषनाथ, गोलू निगम, राजू वर्मा, शशि वर्मा, अमरेश आदि ने कहा कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जरूरत है। एसडीएम सत्यम मिश्रा ने कहा कि सभी को समझा कर मामले को शांत करा दिया गया है। साथ ही पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में लगी है। सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि छठ घाट तोड़ने वालों के बारे में जानकारी की जा रही है। जांच में जो भी कसूरवार मिलेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।