नेपाल के अफसरों के साथ कमिश्नर,डीआईजी, डीएम व एसपी ने बैठक की।
- फोटो : अमर उजाला
नौतनवां। नेपाल की खुली सीमा की वजह से विधानसभा चुनाव में कोई खलल न पड़ने पाए, इसको लेकर एसएसबी प्रथम वाहिनी मुख्यालय नौतनवां के दोमुहान घाट पर को लेकर भारत और नेपाल के अधिकारियों की बैठक में बनाई रणनीति बनाई गई।
गोरखपुर के मंडलायुक्त अनिल कुमार ने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। भारत नेपाल सीमा के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा जवान मुस्तैद रहेंगे। 24 घंटे पहले से भारत-नेपाल सीमा सील कर दी जाएगी। सीमा पार से होने वाले अपराधों के नियंत्रण के लिए नेपाल के अधिकारियों से भी भरपूर सहयोग की अपेक्षा की गई। पोखरा नेपाल के एसएसबी के डीआईजी नरेंद्र कुमार सिंह ने चुनाव को लेकर सुरक्षा संबंधी मामलों पर विस्तृत रूप से चर्चा की।
एसएसपी लुंबिनी शेर बहादुर बस्नेत, एसपी रुपन्देही रविंद्र धानुक ने भी विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने में पूरा सहयोग करने का भरोसा दिया। चुनाव में खलल डालने वाले नेपाल में रह रहे कुछ अपराधियों समेत अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी नजर रखने के लिए सूचनाओं के आदान-प्रदान पर भी सहमति जताई गई। नेपाल के रुपन्देही जिले के जिलाधिकारी उदय बहादुर राणा ने भारत के अधिकारियों को विश्वास दिलाया कि सीमा क्षेत्र से किसी भी दशा में अराजक तत्वों को घुसने नहीं दिया जाएगा।
बैठक में मुख्य रूप से नेपाल की तरफ से सशस्त्र पुलिस बल के एसपी टंक बहादुर खड़का, एसपी बेनी प्रसाद पाठक, रुपन्देही टूरिस्ट ऑफिस से भूपाल मान शाक्य, सहायक राष्ट्रीय अनुसंधान रुपन्देही रमेश यादव, भारत से डीआईजी गोरखपुर जोन शिव सागर सिंह, डीएम महाराजगंज वीरेंद्र कुमार सिंह, एसपी महाराजगंज प्रमोद कुमार, एसएसबी कमांडेंट शिवदयाल, सहायक कस्टम आयुक्त नौतनवां मधुकर आनंद, इमिग्रेशन प्रभारी सोनौली सहित तमाम अधिकारी उपस्थित रहे।