परीचौक के पास वाहन का इंतजार कर रही एक युवती से दो युवकों ने छेड़छाड़ की। इस पर युवती ने आरोपियों को थप्पड़ जड़ दिए, तो आरोपियों ने युवती से मारपीट की। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को हिरासत में लेकर कासना कोतवाली आई और हवालात में डाल दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से जारचा क्षेत्र की रहने वाली एक युवती शहर के एक सेक्टर में किराए के मकान में रहती है। सोमवार देर शाम वह परीचौक पर खड़े होकर घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान सवार आकाश व पंकज वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने युवती पर फब्तियां कसते हुए अपने साथ चलने के लिए कहा।
इस पर युवती भड़क गई और दोनों युवकों के थप्पड़ जड़ दिए। इस पर आरोपियों ने भी युवती से मारपीट की। हंगामा देखकर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती की शिकायत पर दोनों को कासना कोतवाली ले जाकर हवालात में डाल दिया।
बताय गया है कि आरोपियों को छुड़ाने के लिए नेताओं के फोन पहुंचे लेकिन पुलिस ने आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। कोतवाली प्रभारी सुधीर त्यागी ने बताया कि तुगलपुर और रीलखा गांव निवासी दो युवकों पर छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों को जमानत पर छोड़ा गया है।