डबल मर्डर मामले में पकड़े गए अभियुक्त उदय व्यास को एसपी कार्यालय में लाया गया।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। फरेंदा थाना क्षेत्र के जंगल भारी बैसी और पनियरा थाने के नटवा जंगल में मिले कबाड़ व्यवसायियों के शवों के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश का दावा किया है। दोनों की हत्या पिकअप ड्राइवर ने की थी। उनके डेढ़ लाख रुपये के लालच में पिकअप चालक ने हत्या कर अलग-अलग स्थानों पर शव फेंक दिया था।
पत्रकार वार्ता में एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि 19 मार्च को फरेंदा थाना क्षेत्र के जंगल बारी वैसी में एक लाश मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई। इस बीच कुशीनगर के हाटा कस्बा निवासी राहत अली पुत्र कादिर ने शव की शिनाख्त अपने साले मैनुद्दीन के रूप में की।
उसने बताया कि मैनुद्दीन निवासी पतया थाना कसया और पीर मोहम्मद पुत्र मंसूर निवासी हाटा दोनों उसके पास से डेढ़ लाख रुपये लेकर बस से गोरखपुर गए थे और वहां से पिकअप बुक कर फरेंदा गए। पिकअप चालक उदय व्यास पुत्र यशवंत निवासी सताधार सोसायटी विशालनगर इशनपुर थाना बटवां जनपद अहमदाबाद गुजरात गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार में रहता है। पहले भी उसका पिकअप बुक कराया गया था।
पीर मोहम्मद के बारे में कुछ पता नहीं चल पा रहा है। एसपी ने बताया कि इसी बीच पनियरा क्षेत्र के नटवा जंगल में लाश की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान मैनुद्दीन के दोस्त पीर मोहम्मद के रूप में की। मुकदमा दर्ज कर फरेंदा थानाध्यक्ष व क्राइम ब्रांच ने दोनों मामलों की विवेचना शुरू कर दी।
पुलिस को मोबाइल के मिले सुराग के आधार पर पिकअप चालक उदय व्यास को 23 मार्च दोपहर 12 बजे रामचौरा सोनौली रोड पर एक ढाबे से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उदय व्यास ने बताया कि पैसे के लालच में उसने दोनों की हत्या की थी। एसपी प्रमोद कुमार ने इस घटना के खुलासा करने पर टीम को 5000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।