बाइक की डिकी चेक करते एसपी प्रमोद कुमार। पीएनबी के सामने ख्ाड़ा व्यापारी रामप्रवेश।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। गुरुवार को दोपहर बाद करीब दो बजे पंजाब नेशनल बैंक के सामने से गल्ला व्यापारी से दो लाख रुपये की लूट हो गई। लुटेरे आराम से रुपये से भरा बैग लेकर कोतवाली रोड से निकल गए और पुलिस को भनक नहीं लग सकी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंचे एसपी ने घटना स्थल का जायजा लेकर व्यापारी से पूछताछ की। पुलिस लुटेरों का सुराग लगाने में जुट गई लेकिन शाम तक लुटेरों का पता नहीं चल सका। गल्ला व्यापारी रामप्रवेश की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के सोहरौना राजा गांव के रामप्रवेश है। धरमपुर चौराहे पर शिवम ट्रेडर्स के नाम से गल्ले की दुकान है। गुरुवार को उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक से दो लाख रुपये निकाला और झोले में लेकर बैंक के सामने खड़ी बाइक की डिकी में रख रहे थे। इस बीच आए शख्स ने उनको धक्का देकर रुपये से भरा झोला लूटकर फरार हो गया। कुछ लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन, तबतक वह फरेंदा रोड पर ऑफिसर्स कॉलोनी के सामने पहुंच गया। वहां बाइक स्टार्ट कर खड़ा उसका साथी उसे बैठाकर कोतवाली के सामने से ही फरार हो गया। सबसे हैरत की बात यह है कि नगर चौकी के भी किसी पुलिस कर्मी ने उसे नहीं रोका।
घटना के बाद मौके पर एसपी प्रमोद कुमार, सीओ सदर एमपी सिंह समेत अन्य पुलिस कर्मी पहुंचे। एसपी ने व्यापारी से पूछताछ कर बैंक कर्मियों से भी जानकारी ली। इस बाबत सदर कोतवाल श्रीकांत राय का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्दी ही लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।