हादसे में जान गंवाने के बाद बिलखते कुतुबद्दीन के घर वाले
सोमवार को अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रुप से घायल हो गया। उसका इलाज मेडिकल कालेज में चल रहा है।
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बुद्धिरामपुर निवासी शमशेर अली और उसका दोस्त सिरसिया निवासी रज्जब सोमवार दोपहर दो बजे परतावल से बुद्धिरामपुर जा रहे थे। वे श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कोटवा गांव के पास पहुंचे थे कि उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रॉली में टकरा गई। टक्कर इतनी तेज था कि बाइक चला रहे शमशेर अली की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा युवक रज्जब बुरी तरह से घायल हो गया। राहगीरों ने उन्हें 108 नंबर पर फोन कर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देख उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया
मिठौरा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार सदर कोतवाली थानाक्षेत्र के पतरेंगवा निवासी कुतुबुददीन दो महीना पहले मार्च में सउदी से घर आए थे। उन्होंने पासपोर्ट रिनिवल कराने के लिए आवेदन किया था। उसी काम से वह महराजगंज जा रहे थे। पुलिस लाइन के पास पहुंचने पर पीछे से आ रही पिकअप गाड़ी ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गए। आनन फानन में अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि 15 वर्ष पहले उसके बड़े भाई जलालुददीन की भी दुर्घटना में मौत हो गयी थी। तीन भाइयों में कुतुबुददीन दूसरे नम्बर पर था। पत्नी आसमा एवं पुत्री नरगिस का रो-रो कर बुरा हाल है।
ट्रक की टक्कर से व्यवसायी की मौत
ठूठीबारी। नवलपरासी जिले के कावासोती वार्ड नंबर आठ खरकट्टा जंगल में रविवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने विपरीत दिशा से आ रहे एक मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। लोगों की मदद से इलाज के लिए भरतपुर मेडिकल कालेज ले जाते समय युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान नवलपरासी जिले के कृष्ण न्यौपाने(40) के रुप में हुई।