सोनौली। सोनौली बॉर्डर पर दो नेपाली महिलाओं की तस्करी के आरोप में एसएसबी और एंटी ह्यूूमन ट्रैफिकिंग सेल की टीम ने दो दलालों को संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
बुधवार की दोपहर एसएसबी चेक पोस्ट प्रभारी अविनाश कुमार अपने जवानों के साथ नेपाल से आने वाले लोगों की सघन जांच कर रहे थे। उसी दौरान दो महिलाएं दो युवकों के साथ भारत में जाने के लिए नोमेंस लैंड पर पहुंचीं। जांच के लिए उन्हें रोका गया। पूछताछ में युवक घबड़ा गए। जवानों की पूछताछ में एक युवक वहां से वापस नेपाल भागना चाहा जिसे जवानों ने दौड़ा कर पकड़ लिया।
कड़ाई से पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे काठमांडू से आ रही हैं और भारत के रास्ते कुवैत जाना है। ये दोनों युवक एजेंट हैं। एसएसबी और एंटी ह्यूूमन ट्रैफिकिंग सेल ने चारों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवकों ने अपना नाम वीर बहादुर और भीम गुरुंग निवासी बुटवल बताया। युवतियों ने बताया कि वे यहां से वाराणसी और इन युवकों के माध्यम से कुवैत चली जातीं। दोनों युवतियां काठमांडू जिले की रहने वाली हैं और शादीशुदा हैं। सेल की टीम सभी को अग्रिम कार्यवाही के लिए अपने साथ ले गई।
10 किलो सुपारी बरामद
ठूठीबारी। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने नेपाल से लाई गई 10 किलो सुपारी बरामद की है। ठूठीबारी कोतवाली पुलिस के एसआई महेश अपने सहयोगियों के साथ ठूठीबारी स्थित नौतनवां तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान गड़ौरा निवासी उमेश बोरे में रखी 10 किलो नेपाली सुपारी लेकर गड़ौरा की तरफ जा रहा था। उसको पुलिस ने पकड़ कर ठूठीबारी कस्टम को सुपुर्द कर दिया।