सिसवा में ट्रैक्टर के नीचे दब कर चालक की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज/सिसवा बाजार। कोठीभार थानाक्षेत्र की ग्राम सभा हरपुर पकड़ी के डाढ़ टोला के दोराची सिवान में गन्ना लादकर ट्रैक्टर ट्राली को खेत से बाहर निकालते समय ट्रैक्टर पलट जाने से चालक की मौत हो गई।
यहां के रघुनी जायसवाल के 50 वर्षीय पुत्र विनोद जायसवाल बुधवार को लगभग 11 बजे गांव से दक्षिण डाढ़ टोले के पास दोराची सिवान में ट्रैक्टर ट्राली लेकर गन्ना लादने गए थे। मजदूरों के गन्ना लादने के बाद विनोद जैसे ही गन्ना लदी ट्राली लेकर खेत से बाहर सड़क की तरफ निकले तभी ट्रॉली का पिछला पहिया गड्ढे में फंस गया और ट्रैक्टर व ट्रॉली पलट गई।
ट्रैक्टर की चपेट में विनोद भी आ गए और घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अगल-बगल खेतों में काम करने वालों ने जब शोर मचाया तो ग्रामीण वहां दौड़कर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबे विनोद को बाहर निकाला। विनोद की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। विनोद की मां जिलेबा देवी, पत्नी मीरा, बेटी अनुराधा और लड़के आकाश और विकास का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि इस प्रकार के घटना की पुलिस को कोई जानकारी नहीं है।