धानी गांव में चोरी के बाद बिखरा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
धानी/फरेंदा। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी गांव में एक ही रात तीन घरों में भीषण चोरी की। एक घर में तो गृहस्वामी ने शोर मचाया तो चोरों ने ईंट से हमला कर दिया और भाग निकले। तीनों घरों से लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और करीब एक लाख तीस हजार रुपये चोरी चले जाने की पुलिस को तहरीर दी गई है। सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने से लोगों में पुलिस के प्रति गुस्सा है।
मंगलवार की रात सबसे पहले चोर धर्मराज के घर में खुले जंगले के रास्ते घुसे। गृहस्वामी का कहना है कि 15000 नकदी और लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य के जेवर चोरी हो गए। हालांकि आहट सुनकर घर के एक व्यक्ति ने छत से उतर कर देखा तो सामने का दरवाजा अंदर से बंद था तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने शोर मचाया लेकिन, शोर सुनकर जबतक आसपास के लोग पहुंचे, पीछे के रास्ते सामान लेकर चोर फरार हो गए।
उसके बाद चोर संजय मिश्रा के घर में घुस गए। उस समय घर के कुछ लोग बाहर बरामदे में और कुछ लोग छत पर सोये थे। घरवालों का कहना है कि चोर परिवार की चार बहुओं के लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के जेवर और 70,000 नकद ले गए हैं। चोर सीढ़ी वाले रास्ते घर में घुसे थे। घर वालों को चोरी की जानकारी तब हुई जब सुबह चार बजे घर की महिलाएं जागी। घर के अंदर का सामान बिखरा देख सब लोगों के होश उड़ गए।
तीसरी घटना गांव के ही ओंकार मणि के घर में हुई। वह पति-पत्नी और नतिनी घर के बरामदे में सोए हुए थे। चोर सामने के दरवाजे के रास्ते घर में घुसे और आलमारी और बक्सों में रखे 45000 रुपये समेत पांच लाख के जेवर ताला तोड़ कर उठा ले गए। चोरों की आहट से ओंकार मणि जगे तो उनको लगा कि कुछ चोर घर के अंदर छिपे हैं। उन्होंने शोर मचाया तो एक चोर ने ईंट से सिर पर हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान चोर फरार हो गए।
बुधवार को तीनों घरों से चोरी गए खाली बक्से गांव के बाहर पीपल के पेड़ के नीचे मिले। उनमें रखे कीमती सामान चोर निकाल ले गए थे। तीनों परिवारों की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। उसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसको लेकर लोगों में काफी नाराजगी है। सभी पीड़ित परिवार के लोगों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।