मिठौरा। रामपुरमीर के पास सोमवार की रात पेड़ गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई। घटना के समय दोनों बाइक से दवा लेने के लिए जा रहे थे।
कोठीभार थाना क्षेत्र के पिपरानारायण निवासी इंद्रमणि और मन्नू सोमवार की रात सदर कोतवाली क्षेत्र के रामपुरमीर में मदन गुप्ता के घर के समीप जैसे ही पहुंचे, उसी दौरान आधा कटा पेड़ उनके ऊपर गिर गया। बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मन्नू बाइक चला रहा था और इंद्रमणि पीछे बैठा था। दोनों हेलमेट लगाए थे। दोनों के घर वालों को सूचना देने के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इंद्रमणि की गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। वहीं मन्नू जिला अस्पताल में जीवन मौत से संघर्ष कर रहा है।
इंद्रमणि की मौत के बाद घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके मां-बाप की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में पत्नी के अलावा तीन बच्चे हैं। घटना के बाद पूरा गांव सदमे में हैं। बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। इंद्रमणि प्राइवेट कंपनी में रेगुलेटर बेचकर परिवार का गुजर बसर करता था।