चिऊटहां में घर में घुस कर चोरी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस। चिऊटहां में घर में घुस कर चोरी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
सिसवा बाजार। कोठीभार थानाक्षेत्र के कटहरी चौराहे पर शुक्रवार की रात चोरों ने दो दुकान और एक मकान के ताले तोड़ कर नगदी समेत अन्य सामान उठा ले गए। एकसाथ तीन दुकानों में चोरी से अगल-बगल के व्यापारियों में दहशत है।
सिसवा कस्बा निवासी सुनील कुमार सिंह की कटहरी चौराहे पर अंग्रेजी शराब की दुकान है। शुक्रवार की रात लगभग 2:30 बजे आधा दर्जन की संख्या में पहुंचे चोरोें ने शटर का ताला तोड़ कर अंदर घुसे और दुकान में रखे लगभग 25 हजार रुपये चुरा लिए। इसके बाद थोड़ी दूर पर डॉ.केके त्रिपाठी के मकान का ताला तोड़ अंदर घुसे चोरों ने घर खंगाल डाला। नकदी नहीं मिली तो घरेलू सामान ही उठाकर लेते गए। इसके बाद ग्राम सभा निपनियां निवासी चंद्रभान पांडेय के फर्टिलाइजर की दुकान का शटर तोड़ दुकान में रखे 2500 रुपये के सिक्के लेकर निकल रहे थे।
आहट पाकर जगे ग्राम प्रधान मनोज पांडेय की नजर चोरों पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। ग्राम प्रधान की आवाज सुन पिकेट पर तैनात दो कांस्टेबल और पहरा दे रहे चौकीदार बहादुर कमल थापा ने चोरों को दौड़ाया लेकिन तब तक चोर दूर निकल चुके थे। चोरी की जानकारी होने पर शनिवार सुबह सीओ निचलौल सुरेंद्र नाथ तिवारी व एसओ आनंद कुमार गुप्ता मय फोर्स मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। एसओ आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। अंग्रेजी शराब की दुकान में लगे सीसी कैमरे में कुछ तस्वीरें कैद हुई हैं। उनके आधार पर टीम गठित कर छानबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।