परतावल। एसपी आरपी सिंह गुरुवार को श्यामदेउरवां थाने का निरीक्षण किए। थाना परिसर की साफ-सफाई, बैरेक, मेस को देखने के बाद लंबित मामलों के निस्तारण की प्रगति जानी। इस मौके पर उन्होंने क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले सिपाही एवं चौकीदारों की सराहना की।
एसपी ने सबसे पहले कार्यालय को देखा, जहां पर बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था नहीं मिली। इस पर उन्होंने सफाई के निर्देश दिए। वह महिला बैरेक, पुरुष बंदी गृह का निरीक्षण किए। शौचालय का निरीक्षण करने के दौरान टूटी फर्श को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। एसपी ने चौकीदारों का भी हाल जाना और सिपाहियों से बारी-बारी उनके बीट की जानकारी ली। वहीं कांस्टेबल बालमुकुंद चौहान को बीट की सटीक जानकारी के लिए 500 रुपये नकद ईनाम दिया। एसपी आरपी सिंह ने कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर सजग रहें। प्रत्येक हलचल पर नजर रखते हुए अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाएं। जांच के दौरान अगर कभी भी लापरवाही मिलती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान इंस्पेक्टर रामपाल यादव, अशोक कुमार, चौकी इंचार्ज अनिल कुमार यादव, एसआई स्वतंत्र सिंह, जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।