पुरन्दरपुर क्षेत्र के रानीपुर चौराहे पर शुक्रवार रात चोरों ने छह दुकानों में धावा बोला। शटर में लगे ताले तोड़ कर नकदी और सामान समेट ले गए। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। तलाशी में संदिग्ध के पास एक कट्टा बरामद हुआ है।
शुक्रवार रात करीब 12 बजे सौंदर्य प्रसाधन की दुकान का चोरों ने ताला तोड़ दिया। खटपट की आवाज पर दुकान मालिक मोहसिम की नींद टूट गई। उनके शोर मचाने पर चोर भाग निकले। शनिवार की सुबह जब लोग जगे तब पता चला कि छह दुकानों का ताला टूटा है।
अफताब आलम की साइकिल की दुकान से करीब 3500 रुपये गायब मिले। उन्हीं के बगल स्थित रमा इलेक्ट्रिकल का ताला तोड़ कर मोबाइल, लैपटॉप और पांच हजार नकद गायब था। कलामुद्दीन की चप्पल की दुकान से भी चोर सामना उठा ले गए। चौराहे पर ही अलतमस की कपड़ा सिलाई की दुुकान है। यहां ताला तोड़कर चोरों ने 11 हजार नकद, छह जोड़े पैंट शर्ट तथा सूट उठा ले गए।
अलतमस की दुकान के बगल में ही अकबाल के मकान में घुसे चोरों ने बॉक्स का ताला तोड़ दिया। एक ही रात में छह दुकानों में चोरी की घटना रानीपुर में अब तक सबसे बड़ी घटना है। एक व्यक्ति ने लोगों को बताया कि पेपर मिल के पीछे एक कट्टा पड़ा हुआ है ये बात जब लोगों को पता चली तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस असलहा को कब्जे में लेकर एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसओ चन्द्रेश ने इस संबंध में बताया कि गहन पूछताछ की जा रही है। जल्द ही परिणाम सामने आ जाएगा।