पैकोलिया थाना क्षेत्र के बेलघाट बाजार चौराहे पर मारपीट मंे घायल लोग।
- फोटो : अमर उजाला
निचलौल। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरा बाजार में शुक्रवार की शाम जलनिकासी को लेकर चाचा-भतीजा के बीच हुई मारपीट के दौरान बीचबचाव करने पहुंची महिला धक्का लग जाने से गिर गई। खड़ंजा पर गिरने से सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुट गई।
जानकारी के अनुसार कोठीभार थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार में शुक्रवार की शाम करीब साढे़ सात बजे जल निकासी को लेकर जेठू व उसके भतीजे लक्ष्मण के बीच कहासुनी हो गयी। देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। इस बीच पति का बचाव करने आई जेठू की 60 वर्षीया पत्नी इशरावती देवी धक्का लग जाने से खड़ंजा पर गिर गईं।
इससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुट गयी। इस संबंध में चौकी इंचार्ज चिउटहां का कहना कि शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।