सड़क दुर्घटना मे सास बहू समेत तीन की मौत।
- फोटो : अमर उजाला
इटवा-बांसी मार्ग पर गोल्हौरा थाना क्षेत्र के भिटिया चौराहे के पास रविवार को तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में सास-बहू समेत तीन महिलाओं की मौत हो गई। चालक समेत चार लोग जख्मी हुए हैं। प्रारंभिक उपचार के बाद इटवा सीएचसी से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
महराजगंज जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के सिकंदरा जीतपुर गांव निवासी रमेश यादव की ससुराल संतकबीरनगर के धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के मेंहुवापार गांव में है। वह अपनी पत्नी लीलावती (23) के इलाज के सिलसिले में मां कुंती (45) और सास ज्ञानमति (46) सहित ससुराल के अन्य सदस्यों के साथ मेंहुवापार से इटवा क्षेत्र के सिरसिया गांव में गए थे। बोलेरो मेंहुवापार गांव से ही किराए पर ली गई थी। उपचार के बाद सभी दोपहर में लौट रहे थे।
इटवा-बांसी मार्ग पर स्थित भिटिया चौराहे के पास तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि लीलावती, कुंती और ज्ञानमति की मौके पर ही मौत हो गई। रमेश (25), पुत्री अंशिका (2), चालक महमूम अहमद (32) सहित चार लोगों को चोर्टें आइं।
आसपास के ग्रामीणों की मदद से उन्हें इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर रमेश, अंशिका और महमूद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर एसपी लल्लन सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। गोल्हौरा थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश यादव के मुताबिक तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।