एटा की घटना के बाद डीएम के आदेश पर विशेष प्रवर्तन दल के साथ आबकारी विभाग की टीम ने फरेंदा क्षेत्र के चार गांवों में छापेमारी की। इसमें भारी मात्रा में लहन व शराब बनाने के उपकरण बरामद कर छह धंधेबाजों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
आबकारी इंस्पेक्टर बसंत प्रसाद के नेतृत्व में फरेंदा, बृजमनगंज क्षेत्र के नगेसरापुर, परगापुर, लेजार महदेवा, उदितपुर सहित कई जगहों पर छापेमारी की गई। परगापुर में छापेमारी के दौरान शोभी, रामअवध व बाढू तथा निरनाम पूर्वी के नगेसरापुर इंदल, कताली व शिकारी के पास से 100 लीटर कच्ची शराब बरामद कर उनके पास से करीब 10 क्विंटल लहन बरामद कर मौके से एक दर्जन कच्ची शराब की भट्ठियां तोड़ीं।
आबकारी टीम को आता देख सभी धंधेबाज मौके से फरार हो गए। आबकारी विभाग ने सभी धंधेबाज के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। टीम में दरोगा यादव, गेंदा सिंह, अरविंद त्रिपाठी, इस्लाम खां, बृजगोपाल, अनिल गौतम आदि रहे।