महराजगंज। सदर ब्लाक सभागार में बीडीसी सदस्यों और ग्राम प्रधान की बैठक में जमकर हंगामा हुआ। बैठक शुरू होते ही सभागार में कुर्सी कम पड़ जाने से कुछ बीडीसी सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। आरोप है कि कुछ बाहरी लोग भी आ गए थे और बैठक को रद्द करने की मांग करने लगे। इसको लेकर नोकझोंक शुरू हो गई। इससे अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मामला मारपीट तक पहुंचता, लेकिन उसके पहले ही बीडीओ ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्यों के अलावा बाहरी तत्वों को बहार निकाला। इसके बाद दोबारा बैठक शुरू हुई। इसके बाद बहिष्कार करने वाला खेमा भी बैठक में शामिल हो गए।
शुक्रवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सदर ब्लाक प्रमुख किरन गुप्ता ने बैठक की कार्यवाही की शुरू करा दी। इससे बाहरी लोग नाराज हो गए थे। मामला शांत होने के बाद बीडीओ व ब्लाक प्रमुख किरन गुप्ता के समक्ष तमाम बीडीसी व ग्राम प्रधानों ने अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं। बीडीओ ने तमाम समस्याओं का निस्तारण मौके पर ही कर दिया। समाज कल्याण विभाग के कई मामलों को बीडीसी व ग्राम प्रधान ने रखा मगर उस विभाग के किसी अधिकारी या कर्मचारी बैठक में नहीं आया था।
सदन ने समाज कल्याण अधिकारी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया। बीडीओ संजय कुमार ने बताया कि एजेंडे के सभी बिंदुओं पर चर्चा कर सर्वसम्मत से उसे पारित कर दिया गया। सोनरा ग्राम प्रधान रामप्रीत गुप्ता, आफाक खां,अवध किशोर, अजय दूबे, संजीव शर्मा, जयराम, कासिम अली, उषा देवी, रघुवंशमणि उपाध्याय, त्रिलोकी प्रसाद, सरस्वती देवी, छांगुर, ओमप्रकाश, बच्ची देवी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।