लक्ष्मीपुर। कोठीभार थाना क्षेत्र के मुंडेरी चौबे गांव के पास 9 सितंबर को महिला से दो युवकों के दुष्कर्म के मामले में न्यायालय ने थानाध्यक्ष कोठीभार को मुकदमा पंजीकृत करने का आदेश दे दिया है।
नगर पंचायत घुघली वार्ड नंबर पांच की महिला ने अधिवक्ता सोमनाथ चौरसिया के माध्यम से न्यायिक मजिस्ट्रेट के कोर्ट में वाद दायर किया। कहा कि वह मुंडेरी चौबे थाना कोठीभार निवासी अपने जीजा के घर से वापस अपने घर आ रही थी।
शाम के सात बजे वह पहलवान बाबा स्थान के पास स्थित पुल के करीब पहुंची ही थी कि संतोष पांडेय व मुन्ना नामक युवकों ने पकड़ लिया तथा मुंह बंद कर पुल के नीचे ले गए। वहां चाकू दिखाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। आरोपियों ने दुष्कर्म के दौरान मोबाइल से वीडियो भी बना लिया। धमकी दी कि अगर इस बात की शिकायत कहीं करोगी तो वीडियो को नेट पर डाल देंगे। किसी तरह वह अपने घर पहुंची और आप बीती अपने पति से बताई। न्याय के लिए जब वह थाने पर पहुंची तो पुलिस कार्रवाई के बजाय पंचायत कराने पर जोर देने लगी।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक का भी दरवाजा खटखटाया किंतु न्याय नहीं मिला। जिम्मेदारों के व्यवहार से क्षुब्ध महिला कोर्ट पहुंची तो न्यायिक मजिस्ट्रेट अमन कुमार श्रीवास्तव ने कोठीभार थानाध्यक्ष को दुष्कर्म का अभियोग पंजीकृत करने का आदेश दिया है।