फरेंदा। दीपावली का त्योहार तीन परिवारों के लिए दुखदायी साबित हुआ। महदेवा चौराहे पर से काम निपटा कर घर जाते समय वाहन की टक्कर से शख्स की मौत हो गई तो दो लोग अब भी अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
फरेंदा थाना क्षेत्र बरगदवां हरैया निवासी रवींद्र (35), महुअवां महुई निवासी अपुल तिवारी (36) व पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के बेलासपुर निवासी मुरारी (38) दीपावली की रात में 9 बजे के बाद महदेवा चौराहे से काम निपटा कर अलग-अलग बाइक से समरधीरा की तरफ जा रहे थे। अभी वे नौडिहवा के समीप पहुंचे थे कि सामने से आ रहे अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीख-पुकार सुनकर अगल-बगल के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पाकर एंबुलेंस व पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को सीएचसी बनकटी पहुंचाया गया। चिकित्सक ने मुरारी को मृत घोषित कर दिया। रवींद्र व अपुल तिवारी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। अपुल तिवारी को लखनऊ भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।