मोहनलाल हत्याकांड का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
नौतनवां (महराजगंज)। थाना क्षेत्र के गांव धोतियहवा के टोला चखनी में बीते तीन जुलाई की रात हुई मोहनलाल मौर्य की हत्या के मामले का खुलासा पुलिस ने रविवार को किया। पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने दावा किया कि लड़की से प्रेम संबंध के चलते हत्या हुई थी। लड़की के पिता को मोहन लाल का मिलना जुलना पसंद नहीं था। सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल होते देख उसने मोहनलाल को रास्ते से हटा दिया।
थानाध्यक्ष केपी यादव ने बताया कि नौतनवां थाना क्षेत्र के गांव धोतियहवा टोला चखनी में चौराहे पर मोहन लाल मौर्य की चाय की दुकान थी। तीन जुलाई की रात वह गायब हो गया। परिजनों ने उसकी खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। पांच जुलाई को भठवा गांव के पास रोहिन नदी में उतराती हुई लाश मिली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर मौत होने की बात कही गई। पुलिस अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर जांच में जुटी थी। उन्होंने बताया कि रविवार को दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्यारोपी थाना क्षेत्र के गांव धोतियहवा टोला चखनी के रहने वाले राधेश्याम यादव तथा इंद्रासन यादव को अड्डा बाजार पूर्वांचल बैंक की शाखा के पास से रविवार की सुबह लगभग पांच बजे गिरफ्तार किया गया। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने घटना के बारे में जानकारी दी। पूछताछ में दोनों ने बताया कि मोहन लाल की हरकत ठीक नहीं थी, जिससे उसे रास्ते से हटाने के योजना बनाई गई। रात में रस्सी से गला कस कर मौत की नींद की सुला दिया गया। मोहन लाल की मोबाइल को रोहिन नदी में फेंक दिया। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।