जिला मुख्यालय में डीआईजी, डीएम और एसपी ने होली त्योहार को लेकर पीस कमेटी के साथ मीटिंग की।
- फोटो : विनोद गुप्ता
होली में खलल डालने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। पुलिस उनसे सख्ती से निपटेगी। डीजे, डांस व शराब के नशे में ड्राइविंग पर कड़ाई होगी। बृहस्पतिवार को डीआईजी शिव सागर सिंह ने पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं।
जिला मुख्यालय पर जिला शांति समिति की बैठक में पहुंचे डीआईजी ने कहा कि त्योहारों पर तेज ड्राइविंग, डीजे और डांस युवा वर्ग का शौक बन गया है। घर एवं मोहल्ले के बड़े बुजुर्ग इस पर रोक लगाएं। जुलूस न निकालें। गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखें। पुलिस अधिकारियों से कहा कि कच्ची शराब पर रोक लगाएं। पुरानी घटनाओं में दर्ज मुकदमों में नामित लोगों को पाबंद करें। सड़क पर किसी प्रकार की वसूली न हो और न ही गरीब की लकड़ी या मड़हा होली में जले।
डीएम सुनील कुमार ने कहा कि पिछले वर्षों में जिले में सौहार्दपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की परंपरा रही है। इस वर्ष भी कायम रहे। एसपी भारत सिंह ने कहा कि जिले में तथा सभी थानों पर नयी शांति समिति गठित की जा रही है। अधिक से अधिक लोगों को शामिल किया गया है। सेमरा की समस्या बातचीत से हल कर ली जाएगी।
एडीएम कृपाशंकर पांडेय, मातारानी रूमाली देवी महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. घनश्याम पांडेय, पिंटू शुक्ला, डॉ. सिद्धार्थ शुक्ला, सीताराम पांडेय, कृष्ण गोपाल शब्बीर अहमद ने भी संबोधित किया। एसडीएम रणविजय सिंह, जयचन्द्र पांडेय, सीओ फरेन्दा रचना मिश्रा, सीओ निचलौल अनिल सिंह, जितेन्द्र यादव, आनन्द श्रीवास्तव शामिल रहे।