कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कोल्हुआं में शुक्रवार की रात चालीस वर्षीय मीना देवी ने गृह कलह से आजिज आकर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोठीभार पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। ग्राम सभा कोल्हुआं निवासी बैजनाथ साहनी अपनी पत्नी और पांच बच्चों क़े साथ गांव के किनारे झोपड़ी डालकर रहता है। लोगों के खेतों में मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है।
कम आय के कारण आए दिन पत्नी मीना से विवाद होता रहता था। शुक्रवार की रात नौ बजे पति-पत्नी में झगड़ा हुआ। इसके थोड़ी देर बाद बैजनाथ के घर से निकलते ही उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब वह घर पहुंचा तो पत्नी को फंदे से लटकता देख चीखने चिल्लाने लगा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। मामले में थानाध्यक्ष राजेश वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।