सिसवा में फर्जी हत्या काण्ड के खुलासे के दौरान पकडा गया आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। पुलिस ने बुधवार को सिसवा रेलवे स्टेशन से एक ऐसी महिला को उसके प्रेमी के साथ गिरफ्तार किया जिसकी दो माह पूर्व हत्या का मुकदमा पुलिस ने दर्ज किया था। सीओ निचलौल सुरेंद्र तिवारी ने कोठीभार ने बताया कि गिरफ्तार प्रेमी-प्रेमिका को जालसाजी व फर्जी मुकदमे के जरिए धनउगाही करने का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। सीओ को किसी मुखबिर के जरिए महिला के अपने प्रेमी के साथ रहने की सूचना पहले ही थी।
कोठीभार थाना क्षेत्र के सबयां के अहिरौली टोला निवासी रामचंद्र मौर्य के बेटे रमेश की शादी विगत 17 अप्रैल 2015 को परसा मलिक थानाक्षेत्र के ग्राम सभा पड़ौली निवासी परमहंस की पुत्री रीना से हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। 2 माह बाद रमेश रोजगार के सिलसिले में औरंगाबाद चला गया। रमेश के जाने के 6 माह बाद 23 अगस्त 2015 को रीना अचानक गायब हो गयी।पत्नी के गायब होने की खबर सुनकर रमेश घर वापस आ गया और 27 अगस्त 2015 को कोठीभार थाने में रीना के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
इस बीच परसा मलिक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पड़ौली निवासी रीना के पिता परमहंस ने रमेश व उसके माता,पिता व भाइयों के खिलाफ महराजगंज न्यायालय से 156(3) के तहत वाद दाखिल कर दहेज उत्पीड़न सहित हत्या का मुकदमा दर्ज कराने का आदेश कराकर 6 जून 2016 को कोठीभार थाने में प्रेषित किया। जिसकी विवेचना सीओ निचलौल सुरेंद्र तिवारी कर रहे थे। घटना की जानकारी देते हुए सीओ ने बताया कि इस खेल में रीना के मायके वाले शामिल हैं। उसके पिता परमहंस रमेश से मामले को सुलह करने के लिए पांच लाख रूपये की डिमांड कर रहा था।
पैसा न देने पर उसे जान से मारने तथा उसके परिवार वालों को फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी जा रही थी। यह मामला एसपी के संज्ञान में था। इसकी जांच के लिए पुलिस की एक टीम गठित की गई थी जिसका नेतृत्व सीओ सुरेंद्र तिवारी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बुधवार की सुबह मुखबिर ने सुचना दी की रीना व थानाक्षेत्र के ग्राम चैनपुर निवासी उसका प्रेमी अजय ट्रेन से बाहर भागने की फिराक में हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम सुबह साढ़े पांच बजे सिसवा रेलवे स्टेशन से रीना व उसके प्रेमी अजय को गिरफ्तार कर लिया।