पुरंदरपुर के देवपुर में महिला की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद रोते-बिलखते परिवार के लोग और गांव वाले।
- फोटो : अमर उजाला
लक्ष्मीपुर/पुरंदरपुर। रविवार की सुबह हाइवे पर टहलने के लिए निकली महिला देवपुर के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गईं। उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया है। घर वालों की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के देवपुर निवासी दिलीप उर्फ भानू की पत्नी नीलम प्रतिदिन की भांति रविवार को भी टहलने के लिए हाइवे पर निकली थीं। वह देवपुर के पास पहुंची थीं तभी सोनौली की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गईं। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। टक्कर के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। नीलम के साथ की अन्य महिलाओं के शोर मचाने पर परिवार के लोग भी घटना स्थल पर पहुंचे।
कुछ ही देर बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर एसओ चंद्रेश यादव भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के जेठ संत कुमार के तहरीर पर पुलिस ने चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर कर लिया।
दूसरी तरफ थाने पर रखे मृतका के शव से उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे लिपट कर रो रहे थे। वे बार-बार अपनी मां को जगाने का प्रयास कर रहे थे। किंतु बच्चों को क्या पता था कि जिस मां को वे जगाने का प्रयास कर रहे हैं, वह हमेशा के लिए अपनी आंखें बंद कर ली हैं। बच्चों के करुण क्रंदन से वहां मौजूद लोगों की आंखें भर जा रही थीं। इस घटना से गांव का माहौल गमगीन है।