मुर्गे के चोंच मारने का उलाहना देने के विवाद में एक भाजपा नेता इस कदर उग्र हुआ कि उसने एक महिला को फरसा मारकर घायल कर दिया और बीचबचाव करने आए शख्स को गोलियों से भून दिया। इस घटना से गांव में तनाव है, जिससे पुलिस-पीएसी तैनात कर दी गई है। हत्यारोपी अपने परिवार समेत फरार है।
मामला है बागापार के टोला कोदईपुर का। यहां रहने वाले बीरबल की बेटी मधु सुबह गांव के बाहर गई थी। तभी एक मुर्गे ने उसके पैर में चोंच मार दी। वह रोते हुए घर पहुंची और मां शांति देवी को जानकारी दी। शांति उलाहना लेकर मुर्गे के मालिक भाजपा नेता शिवाकांत गुप्ता के पास पहुंचीं।
वहां उसका शिवाकांत की पत्नी विमला से विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर शिवाकांत, विमला, अखिलेश, दशरथ, मणिकांत एवं संतोष आदि ने फरसा लेकर शांति को दौड़ा लिया। उस पर फरसे से वार भी किए, जिससे शांति घायल हो गईं। यह देख गांव का सुदामा यादव बीच बचाव करने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस पर गुस्साए शिवाकांत और उनके भाइयों ने अवैध असलहे से गोलियां दागीं। जिससे तीन गोली सुदामा को लगी और वह खून से लथपथ जमीन पर छटपटाने लगा। घर के लोग जब सुदामा को जिला अस्पताल ले जा रहे थे तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। तब तक आरोपी अपने परिवार के साथ भाग गए। पुलिस को छानबीन के दौरान झाड़ियों में सात कारतूस, एलजी कारतूस एवं दो रिवाल्वर की गोलियां एवं धारदार हथियार मिले। एसपी भारत सिंह, एएसपी हरिगोविंद एवं सीओ सदर टीएन पांडेय भी पुलिस बल एवं पीएसी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
मृतक के भाई वीरछड़ी की तहरीर पर आरोपियों पर हत्या, बलवा, मारपीट व धमकी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी भारत सिंह यादव का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।