नौतनवा। मालवीयनगर में मंगलवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में दो बहनें आग से झुलस गईं। दोनों को गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
नौतनवा क्षेत्र के मालवीय नगर में दोपहर एक बजे भगवानदास के घर में हल्ला होने लगा। आसपास के लोग कुछ अनहोनी की आशंका से मकान के दूसरी मंजिल पर पहुंचे तो रिया जायसवाल (18 वर्ष) बुरी तरह आग की लपटों में घिरी थी। जिसको बचाने के चक्कर में उसकी बहन अंजली (24 वर्ष) भी झुलस गई थी।
जिसके बाद लोगों ने आग बुझाकर एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौतनवा ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
आसपास के लोगों का कहना था कि दोनों बहनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसके बाद छोटी बहन रिया दूसरी मंजिल पर गई और मिट्टी का तेल शरीर पर डालकर आग लगा ली। रिया को बचाने के चक्कर में बड़ी बहन अंजली भी झुलस गई।
घटना के संबंध में घर वालों का कहना है कि खाना बनाते समय गैस चूल्हे से आग लगी थी। चौकी प्रभारी शिव शंकर तिवारी का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है।