बारीगांव निवासी ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर की ट्रॉली से दब कर मौत हो गई थी। मुआवजे को लेकर ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को सुबह कप्तानगंज-घुघली मार्ग पर बारीगांव नहर पुल के पास लाश को सड़क पर रख चक्का जाम कर दिया। इससे पांच घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस के हस्तक्षेप के बाद यातायात बहाल किया।
घुघली थाना क्षेत्र के बारीगांव निवासी पैंतीस वर्षीय सुग्रीव स्थानीय भट्ठे पर काम करता था। बुधवार को भट्ठा मालिक ने उसे ट्रॉली के साथ गोरखपुर भेजा था। ईंट गिराने के बाद वह अन्य मजदूरों के साथ ट्रॉली ट्रैक्टर से घर वापस लौट रहा था। गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के भटहट के नजदीक अचानक ट्रॉली पलटने से दबकर सुग्रीव की मौत हो गई थी।
विज्ञापन
सूचना पर पहुंची पुलिस ने भट्ठा मालिक को इसकी जानकारी दी थी। इसपर भट्ठा मालिक ने मृतक को लावारिस बता अपना पल्ला झाड़ लिया। इसकी भनक ग्रामीणों को लग गई। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मजदूर की लाश सड़क पर रख मुआवजे की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया।
सूचना पर थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने भट्ठा मालिक व ग्रामीणों के बीच सुलह कराते हुए जाम ख़त्म कराया। मृतक के परिवार को भट्ठा मालिक की ओर से तीन लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। सूचना के बाद पनियरा विधानसभा क्षेत्र की सपा प्रत्याशी सुमन ओझा भी पहुंच गईं।