पल्लेदार की मौत के बाद एकत्रित लोग।
निचलौल।निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम टिकुलहियां के टोला टोंगरी में बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत हो गई। घर के एक कमरे में पंखे की कुंडी से लटकी लाश देखकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर पति सहित पांच लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर मौके से दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार की रात ग्राम टिकुलहियां के टोला टोंगरी निवासी जितेंद्र मद्धेशिया की 24 वर्षीय पत्नी जानकी की संदिग्ध परिस्थितियों में घर के एक कमरे में पंखे की कुंडी से लटकी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद परिवार वाले घर छोड़ कर फरार हो गए थे।
पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मृतका के मायके के लोगों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे मृतका के पिता बेटी का शव देख कर बदहवास हो गए। मृतका के पिता रामनाथ मद्धेशिया की तहरीर पर पुलिस ने पति जितेंद्र, ससुर छेदीलाल, सास राखी, जेठ शिवसागर और उसकी भाभी यशोदा के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर मौके से सास और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।