ठूठीबारी। नौवाबारी गांव के एक घर में महिला का शव फंदे से लटकता मिला। मृतका के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। घटना के समय पति बाजार एवं घर के परिजन गेहूं काटने गए थे।
ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा नौनिया के टोला नौवाबारी निवासी नागेंद्र कसौधन की शादी चौक थाना क्षेत्र के दरहटा गांव निवासी बलिराम कसौधन की पुत्री शांति (25) से 17 फरवरी 2009 को हुई थी। बताया जा रहा है कि साड़ी का फंदा गले डालकर झूल गई।
शांति की तीन वर्षीय एकलौती पुत्री महिमा खेत में गेहूं काट रहे परिवार के लोगों के पास जानकारी देने के लिये पहुंच ही थी कि उसी दौरान नागेन्द्र ठूठीबारी बाजार से आ गया । अपने पापा को देख महिमा ने बताया की मम्मी साड़ी को गले में बाधकर झूला झूल रही है। इतना सुन नागेंद्र भागे भागे घर पहुंचे तो देखा कि शांति फंदे से लटकी थी। नागेंद्र बदहवास हो चिल्लाने लगा। जिससे धीरे धीरे आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
किसी ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं शांति के पिता बलिराम कसौधन की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल में जुट गई। नायब तहसीलदार प्रद्युम्न कुमार ने भी मौके पर लोगों से पूछताछ की। कोतवाल विक्रम वीरेंद्र सिंह का कहना है कि लड़की के पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा पति के खिलाफ दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।